कटकमसांडी लूटकांड का पुलिस ने किया पूर्ण खुलासा

हजारीबाग : थाना क्षेत्र में चार जुलाई को हुई मोटरसाइकिल एवं मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने पूर्ण खुलासा करते हुए फरार चल रहे चौथे एवं अंतिम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही लूटकांड में शामिल सभी चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

जानकारी के अनुसार चार जुलाई को पीड़ित के लिखित आवेदन पर कटकमसांडी थाना में कांड संख्या 107/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक  पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक तथा कटकमसांडी थाना की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और लगातार छापेमारी के आधार पर पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार चल रहे मुख्य सहयोगी लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छू सिंह, निवासी पाराटांड, को नौ जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया,आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि,"इस लूटकांड में शामिल सभी चारों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस का अभियान अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील है कि अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।"
पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रेतर अनुसंधान जारी है तथा अपराधियों के पूरे नेटवर्क और घटना के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.