अगेरिया आर्ट फाउंडेशन के राष्ट्रीय सेमिनार में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बरही का उत्कृष्ट प्रदर्शन
बरही : अगेरिया आर्ट फाउंडेशन द्वारा 11 एवं 12 जुलाई 2026 को बरही स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरही के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय के कला शिक्षक ललन यादव के मार्गदर्शन में तनु कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, अंशु कुमारी, लक्ष्मी कुमारी एवं आर्यन कुमार ने सेमिनार में उत्साहपूर्वक भाग लिया। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों और प्रतिभागियों के बीच विद्यार्थियों की कला को खूब सराहा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनु कुमारी, सोनाक्षी कुमारी एवं अंशु कुमारी को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में कला एवं सृजनात्मक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरही के प्राचार्य श्री पुष्प कुमार झा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रचनात्मक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य श्री पुष्प कुमार झा ने सम्मानित विद्यार्थियों एवं कला शिक्षक ललन यादव को बधाई देते हुए कहा कि "कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को विकसित करने का सशक्त साधन है। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।"
विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.