बरही थाना में एसपी का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सड़क सुरक्षा पर सख्त निर्देश

हजारीबाग - पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद कुमार ने मंगलवार को बरही थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, लंबित कांडों की समीक्षा तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने केस रिव्यू बैठक आयोजित कर अनुसंधान अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में गंभीर आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने,फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी,लंबित वारंटों के निष्पादन तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा होगी।

निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेख, केस डायरी, अपराध नियंत्रण व्यवस्था एवं पुलिसिंग की कार्यशैली का भी बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो। बैठक में सड़क सुरक्षा और एनएच-19 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसपी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सड़क निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के अंत में एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों से अपराध नियंत्रण, प्रभावी अनुसंधान और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना ही नहीं, बल्कि जनता में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना भी है।

रिपोर्टर - राहुल राणा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.