हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, विधायक मनोज कुमार यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
बरही : बरही प्रखंड के ग्राम ओरपरता में हाथी के हमले में बैजनाथ यादव (50 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक, विधानसभा की लोक लेखा समिति के सभापति एवं पूर्व मंत्री श्री मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
विधायक ने घटना की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल राहत उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने प्रभारी वनपाल से बातचीत कर पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा राशि देने के निर्देश दिए। इस पर वन विभाग की ओर से तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा शेष मुआवजा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई।
इस दौरान विधायक श्री मनोज कुमार यादव ने हजारीबाग के डीएफओ से दूरभाष पर बात कर जंगली क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, हाथियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा ग्रामीणों को समय-समय पर सचेत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हाथियों की आवाजाही की सूचना समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लगातार हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए वन विभाग से स्थायी और प्रभावी उपाय करने की मांग की। वहीं विधायक ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा मिलने वाली सभी सुविधाएं और सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.