पढ़ाई के साथ जिम्मेदार नागरिक भी बनें विद्यार्थी : शिप्रा जैन.

हजारीबाग : गुरु गोविंद सिंह रोड स्थित गुरुकुल इंटर कॉलेज में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी छात्रों का उपहार भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक जेपी जैन ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। इसलिए उन्हें अभी से कठिन परिश्रम,अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में इंटर की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाता है। पिछले 23 वर्षों में यहां से अनेक विद्यार्थी आईएएस,जेपीएससी,बीपीएससी,एसएससी,रेलवे,बैंकिंग,शिक्षक, दारोगा, सैन्य सेवा सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटर की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू करने का आह्वान किया।

गुरुकुल इंटर कॉलेज की प्राचार्या एवं प्रबंध निदेशिका शिप्रा जैन ने कहा कि विद्यार्थियों को पूरी एकाग्रता और समर्पण के साथ अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे अपने अभिभावकों, गुरुजनों और समाज का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से किसी भी क्षेत्र में सर्वोच्च सफलता प्राप्त की जा सकती है। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. दीपक बंधु ने कहा कि गुरुकुल इंटर कॉलेज केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने के संस्कार भी देता है। यही संस्कार उन्हें भविष्य में सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। समारोह के अंत में द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष के छात्रों का आत्मीय स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह,अपनत्व और प्रेरणा से भरपूर रहा।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.