कारगिल विजय दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल बरही में देशभक्ति की गूंज, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

बरही :  डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में शनिवार को कारगिल विजय दिवस पूरे उत्साह, श्रद्धा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद कैप्टन सौरभ कालिया, परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा सहित सभी वीर शहीदों तथा परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर (मानद कैप्टन) योगेंद्र सिंह यादव के शौर्य को नमन किया गया।

विद्यालय के एलकेजी से द्वितीय कक्षा तक के नन्हे विद्यार्थियों ने सैनिकों की वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुति देकर देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं ने प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से मातृभूमि के प्रति अपने समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने कहा कि कारगिल की विजय गाथा भारतवासियों के उच्च मनोबल, साहस और अदम्य देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के सैनिक हमारी शान हैं और उनके अथक परिश्रम व बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित और निश्चिंत जीवन जी पाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाएं तथा अपने कार्यों के माध्यम से देश के विकास में योगदान दें।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर :  अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.