हजारीबाग में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, रातभर चला विशेष समकालीन अभियान...

हजारीबाग : जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 1/2 अगस्त की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य चोरी, लूट, डकैती समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना था।

अभियान का नेतृत्व जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों ने किया। इसके लिए पूरे जिले में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में 30 विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया, जिनमें 113 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। टीमों ने देर रात तक विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। अभियान के दौरान पुलिस ने 33 फरार अपराधियों, वारंटियों एवं अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए अग्रसारित किया गया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष समकालीन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कोई फरार अपराधी, वारंटी या संदिग्ध व्यक्ति छिपा हुआ है अथवा गिरफ्तारी के डर से इधर-उधर घूम रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।हजारीबाग पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.