मनचलों और अड्डेबाजों पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन
हजारीबाग :जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी व मनचलों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने मंगलवार रात विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडलों में पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में एक साथ व्यापक छापेमारी की गई।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 41 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिसमें 153 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। टीमों ने जिलेभर में अड्डेबाजी और मनचलों के 93 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।छापेमारी के दौरान 54 मनचले युवकों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाया गया। पुलिस ने उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी देते हुए पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में अड्डेबाजी, मनचलों की गतिविधियां या किसी प्रकार की संदिग्ध हरकत की जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.