30 नई डायल-112 गाड़ियों से मजबूत होगी हजारीबाग पुलिस की ताकत.अब गांवों तक मिनटों में पहुंचेगी पुलिस
हजारीबाग : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय, रांची द्वारा हजारीबाग पुलिस को 30 नई डायल-112 आपातकालीन पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। बुधवार को पुलिस केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।इससे पूर्व भी जिले को 28 नई डायल-112 गाड़ियां मिल चुकी हैं। नई खेप मिलने के बाद जिले की आपातकालीन पुलिस सेवा पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, विष्णुगढ़ एसडीपीओ फैजान अहमद, सीसीआर डीएसपी मोहम्मद अरमानुल हक तथा परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र कुमार देवव्रत सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।एसपी अमन कुमार ने कहा कि नई डायल-112 गाड़ियों की तैनाती से अपराध नियंत्रण,विधि व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा, छेड़खानी जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई तथा नशा विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब आपात स्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पुलिस पहले से कहीं कम समय में पहुंच सकेगी।
नई डायल-112 वाहनों के संचालन से हजारीबाग पुलिस की गश्त व्यवस्था मजबूत होगी, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.