मध्य विद्यालय सिंहपुर में साइकिल वितरण समारोह सम्पन्न, सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल
चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय सिंहपुर में बुधवार को साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच सरकार की योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि "शिक्षा ऐसी कुंजी है, जो जीवन और भाग्य के सभी रास्ते खोलती है। इस विद्यालय में शिक्षा का बेहतर माहौल है, इसलिए सभी छात्र-छात्राएं मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।"
सांसद प्रतिनिधि आशीष सिंह ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने और शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए मेहनत से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अरविंद कुमार सिन्हा ने कहा कि मध्य विद्यालय सिंहपुर से पढ़कर कई छात्र आज विभिन्न सरकारी पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने बच्चों से इस परंपरा को आगे बढ़ाने और शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को जिला परिषद सदस्य राकेश रंजन तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार कमल ने भी संबोधित किया। उन्होंने साइकिल वितरण योजना को छात्र-छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.