राजस्व लक्ष्य हासिल करने को विभागों में समन्वय बढ़ाने का निर्देश....
हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बुधवार को आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व संग्रहण एवं आंतरिक संसाधनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व अर्जित करने वाले विभागों को आपसी समन्वय, प्रभावी अनुश्रवण और समयबद्ध कार्रवाई के माध्यम से निर्धारित राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन, सेवा अधिकार अधिनियम का प्रभावी अनुपालन और न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।बैठक में वन, उद्योग, नीलाम पत्र, विद्युत, उत्पाद, परिवहन, निबंधन, खनन, वाणिज्यिक कर, नगर निगम, सहकारिता, कृषि, बाजार समिति, भू-संरक्षण एवं माप-तौल सहित अन्य विभागों की विभागवार समीक्षा की गई। आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय अनुशासन के साथ कार्य करें तथा सरकारी परिसंपत्तियों और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने वन्यजीवों के लिए वर्षभर पेयजल उपलब्ध कराने हेतु चेक डैम, तालाब और अन्य जल संरक्षण संरचनाएं विकसित करने तथा मानव-हाथी संघर्ष वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। नीलाम पत्र विभाग को लंबित वादों के त्वरित निष्पादन और राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा गया।विद्युत विभाग को बड़े बकायेदारों से वसूली तेज करने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफॉर्मरों को 24 से 48 घंटे के भीतर बदलने का निर्देश दिया गया। खनन विभाग को अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने को कहा गया।
वाणिज्यिक कर विभाग को जीएसटी और अन्य करों की वसूली बढ़ाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कर अनुपालन को मजबूत करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम को सरकारी कार्यालयों और परिसरों में स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
निबंधन विभाग को गैर-मजरूआ एवं प्रतिबंधित भूमि के निबंधन में सरकारी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। उत्पाद विभाग को सीमावर्ती जिलों में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग को फिटनेस, परमिट या निबंधन अवधि समाप्त होने वाली स्कूल बसों, ओमनी वैन और अन्य स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि विभाग को किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और भविष्य में समीक्षा बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में वृद्धि के साथ-साथ आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, चतरा और रामगढ़ के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.