छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, सड़कों पर उतरी भाजपा

हज़ारीबाग :  JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर विधानसभा मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों के साथ-साथ हज़ारीबाग जिले के बड़कागांव में भी देखने को मिला।

 बड़कागांव में बंद का असर
बड़कागांव में  पश्चिम भाजपा मंडल अध्यक्ष शिबू मेहता  के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बंद के कारण बड़कागांव क्षेत्र में दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

 झारखंड में उग्र प्रदर्शन
राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता और बंद समर्थक सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। रातू रोड पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित किया। वहीं कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास भी टायर जलाकर वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया गया।

भाजपा ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। पार्टी की ओर से बंद मंगलवार सुबह से देर रात तक बुलाया गया है।

 क्या है मामला
गौरतलब है कि JPSC-JSSC परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन कई दिनों से जारी है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव के बाद लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की खबर सामने आई थी। इसके बाद राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। भाजपा का कहना है कि छात्रों की जायज मांगों को दबाने के लिए सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है।

रिपोर्टर : सुनील कुमार ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.