केरेडारी में सांप के डंसने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत, CHC में डॉक्टर-एंटी वेनम नहीं होने का आरोप

हजारीबाग - केरेडारी थाना क्षेत्र के पेटो पंचायत स्थित चट्टी पेटो गांव में 15 अगस्त की देर रात जहरीले सांप के डंसने से 6 वर्षीय राजन कुमार की मौत हो गई। राजन स्टाफ होटल संचालक बिनोद साहू के छोटे भाई पप्पू साहू का बेटा था। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे सोते समय राजन को सांप ने डंस लिया। आनन-फानन में परिवार उसे केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में न डॉक्टर थे, न नर्स, न कंपाउंडर। ड्यूटी पर सिर्फ एक गार्ड मौजूद था। प्राथमिक उपचार और एंटी-वेनम नहीं मिलने पर बच्चे को तुरंत हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया।

सदर अस्पताल पहुंचते-पहुंचते डॉक्टरों ने राजन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि "अगर समय पर पहली खुराक और इलाज मिल जाता तो शायद जान बच जाती। आक्रोश में ग्रामीणों ने किया अस्पताल का घेराव बच्चे की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। शव को केरेडारी CHC परिसर में रखकर लोगों ने अस्पताल का घेराव किया। ग्रामीणों ने रात में चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं रहने और दवाओं की अनुपलब्धता को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।  "ये पहली घटना नहीं, प्रभारी की लापरवाही" ग्रामीणों और परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केरेडारी CHC में प्रभारी चिकित्सक के समय पर उपस्थित नहीं रहने के कारण ऐसी घटनाएं पहले भी होती रही हैं। ये पहला मामला नहीं है। बावजूद इसके प्रभारी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। आखिर किसके संरक्षण में प्रभारी अब तक अस्पताल में ठीक से ड्यूटी नहीं कर रही है?

इस घटना ने पूरे केरेडारी-बड़कागांव क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एनटीपीसी जैसी बड़ी कंपनी के संचालन के बावजूद इलाके में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं हैं। आपात स्थिति में डॉक्टर और एंटी-वेनम नहीं मिलने से मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है: घटना की निष्पक्ष जांच हो रात के समय CHC में डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी की 24 घंटे अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए अस्पताल में पर्याप्त एंटी-वेनम और जरूरी दवाओं की उपलब्धता हो फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है।

रिपोर्टर - सुनील कुमार ठाकुर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.