बिना बस्ते के बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, गीत-संगीत और खेलों से गूंजा डैफोडिल्स स्कूल
चौपारण : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, चौपारण में बच्चों के लिए विशेष ‘नो बैग डे’ का आयोजन किया गया। एक दिन के लिए स्कूल बैग और पढ़ाई के नियमित दबाव से दूर बच्चों ने गीत-संगीत, नृत्य, खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह, उमंग और बच्चों की खिलखिलाहट का माहौल बना रहा।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच अंत्याक्षरी, गीत-संगीत, नृत्य, भाषण, क्विज, पेंटिंग समेत विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। किसी ने गीत और नृत्य के माध्यम से मन मोहा तो किसी ने क्विज, भाषण और पेंटिंग में अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाई। खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बच्चों का उत्साह देखते ही बना।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ‘नो बैग डे’ का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के बोझ से कुछ समय के लिए मुक्त कर उन्हें मनोरंजन के साथ सीखने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देना है। ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, टीम भावना और आपसी सहभागिता की भावना विकसित करने में भी सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों के लिए स्वादिष्ट भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। प्रधानाध्यापक दीपेन दयाल और निदेशक धीरेन दयाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक बच्चों के साथ कार्यक्रम में शामिल रहे। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन कराया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के लिए पढ़ाई की पारंपरिक दिनचर्या से हटकर आनंद, रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शन का अनूठा अवसर बना। विद्यालय प्रबंधन के इस प्रयास की बच्चों और अभिभावकों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
रिपोर्टर : मुकेश
No Previous Comments found.