टीपीसी के एरिया कमांडर समेत दो फरार आरोपी गिरफ्तार...

हजारीबाग : कटकमसांडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कांड संख्या 177/19 में वर्षों से फरार चल रहे टीपीसी के एरिया कमांडर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के पचमू निवासी ननकू यादव का पुत्र बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार, जिसे पुलिस ने टीपीसी का एरिया कमांडर बताया है, तथा गिद्धौर थाना क्षेत्र के दुआरी निवासी लालधारी साह का पुत्र गिरेन्द्र शामिल है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी एवं हाइवा वाहन में आग लगाने की घटना से जुड़े कांड में लंबे समय से फरार चल रहे थे। मामले में धारा 147, 148, 149, 341, 435, 387, 379 भादवि एवं 17 सीएलए एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान पूर्व में भी निशांत, कपिल, अविनाश समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।लंबित कांडों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने बीती रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/19 में दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने लगातार सूचना संकलन एवं निगरानी के बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक बलवंत उर्फ छोटू कुमार के खिलाफ कटकमसांडी, गिद्धौर, इटखोरी, पथलगड्डा, सिमरिया, मयूरहंड और बालूमाथ थाना में कुल नौ मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, डकैती, आर्म्स एक्ट, यूएपीए एवं सीएलए एक्ट समेत कई गंभीर धाराएं शामिल हैं।वहीं,गिरेन्द्र के खिलाफ टंडवा, चतरा सदर और गिद्धौर थाना में चार मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती, आपराधिक गतिविधियों, रंगदारी तथा झारखंड मिनरल्स रूल से जुड़े मामले शामिल हैं।छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, पुलिस अवर निरीक्षक बिरजा कुजूर, आरक्षी राम स्वरूप दांगी, आरक्षी थानेश्वर रविदास तथा चालक नंदलाल कुमार शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.