आकाशीय बिजली से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर बदला, ग्रामीणों को मिली राहत

विष्णुगढ़ - प्रखंड अंतर्गत अलपीटो पंचायत में आकाशीय बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को पिछले कुछ दिनों से बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा था। बिजली नहीं रहने से रात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ घरेलू एवं अन्य जरूरी कार्य भी बाधित हो रहे थे। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए भाकपा माले जिला कमेटी सदस्य जानकी शर्मा ने तत्काल जिला परिषद सदस्य शेख तैयब से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद शेख तैयब ने बिजली विभाग के पदाधिकारियों से संपर्क कर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की। नया ट्रांसफार्मर पहुंचने के बाद ग्रामीणों को बिजली संकट से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

नए ट्रांसफार्मर का विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर जिला परिषद सदस्य शेख तैयब ने उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए जिला परिषद सदस्य शेख तैयब, जानकी शर्मा सहित सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों एवं बिजली विभाग के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली की समस्या दूर होने से बच्चों की पढ़ाई समेत दैनिक जीवन के कई जरूरी कार्य अब सुचारू रूप से हो सकेंगे।

रिपोर्टर - संदीप मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.