बरही में मवेशियों से लदे 21 ट्रकों का काफिला रोका, पुलिस की जांच से मचा हड़कंप
बरही : हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह उस समय हलचल मच गई, जब जीटी रोड पर मवेशियों से लदे 21 ट्रकों के काफिले को पुलिस ने रोककर जांच शुरू कर दी। करियातपुर नईटांड़ के पास गश्ती के दौरान पुलिस ने एक साथ कतार में गुजर रहे इन वाहनों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, सभी ट्रकों में गोवंशीय पशु लदे हुए हैं। वाहनों के आगे-पीछे एनीमल कैरियर के बैनर भी लगे थे। बरही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी वाहनों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए बरकट्ठा पुलिस के सहयोग से उन्हें फिलहाल घंगरी में उतारकर रखा जा रहा है। पुलिस पशुओं से संबंधित दस्तावेज, खरीद-बिक्री के कागजात, परिवहन अनुमति समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पशु दुधारू हैं या उन्हें किसी अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा है।
बिहार से बंगाल ले जाने का दावा
पशु मालिकों का कहना है कि वे बिहार के काराकाट मवेशी मेला से पशु खरीदकर बंगाल के विभिन्न खटालों में ले जा रहे हैं। उनके मुताबिक, 20 ट्रकों में भैंस और उनके बच्चे, जबकि एक ट्रक में गाय और बछड़े हैं। पशु मालिकों ने पुलिस के समक्ष मेला से खरीद के दस्तावेज, टैक्स जमा करने के प्रमाण और परिवहन से जुड़े कागजात उपलब्ध होने का दावा किया है।
काफिले के साथ एक महिला अधिवक्ता के भी मौजूद होने की बात सामने आई है। बताया गया कि वह प्रशासन को कानूनी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दे रही थीं, हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
पशुपालन विभाग भी जांच में शामिल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बरही पशुपालन विभाग के कर्मी को भी जांच के लिए बुलाया है। पुलिस की ओर से पशुओं की स्थिति, परिवहन नियमों और उपलब्ध दस्तावेजों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
21 ट्रकों के इस बड़े काफिले को एक साथ रोके जाने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब पुलिस की जांच रिपोर्ट और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगा कि पशुओं का परिवहन नियमों के अनुरूप है या मामले में कोई अनियमितता सामने आती है।
रिपोर्टर : राहुल राणा
No Previous Comments found.