लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर, एनटीपीसी व कोल माइंस की सुरक्षा होगी और मजबूत

हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने 21 अगस्त को बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र में लंबित विभिन्न कांडों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके अनुसंधान और निष्पादन में तेजी लाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आईजी ने बड़कागांव अनुमंडल में विधि-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान विशेष रूप से एनटीपीसी एवं उसके सहयोगी कोल माइंस की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। कोयला खनन क्षेत्र, परियोजना परिसर एवं उससे जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा को लेकर सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो और मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि व्यवस्था एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही।समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, पुलिस निरीक्षक बड़कागांव के अलावा बड़कागांव अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं अनुसंधानकर्ता उपस्थित रहे। आईजी के निरीक्षण एवं समीक्षा के बाद पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और कोल माइंस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारियों के साथ काम करने का निर्देश मिला।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.