गोरियाकर्मा में अवैध बालू उठाव का आरोप, छठ घाट का रास्ता बदहाल
हज़ारीबाग - बरही प्रखंड के गोरियाकर्मा स्थित बराकर नदी के छठ घाट से कथित रूप से धड़ल्ले से बालू उठाव किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू लीज का टेंडर लंबित होने के बावजूद नदी के विभिन्न हिस्सों से रोजाना कई ट्रैक्टर बालू निकालकर ले जाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार,बिना किसी स्पष्ट नियम-कायदे के बालू उठाव के कारण नदी तट और आसपास का इलाका प्रभावित हो रहा है। सबसे गंभीर स्थिति छठ घाट तक जाने वाले मार्ग की है। बालू उठाव के दौरान रास्ते से भी बड़ी मात्रा में मिट्टी-बालू हटाए जाने के कारण सड़क बुरी तरह खराब हो गई है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह बालू का अनियंत्रित उठाव जारी रहा तो आने वाले समय में छठ घाट की व्यवस्था और नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कराने और अवैध रूप से बालू उठाव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब बालू का लीज टेंडर लंबित है, तो आखिर किसके संरक्षण में नदी से लगातार बालू उठाया जा रहा है? अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और गोरियाकर्मा छठ घाट को अवैध बालू उठाव से कब राहत मिलती है।
रिपोर्टर - राहुल राणा
No Previous Comments found.