बरही में युवा संवाद का आयोजन, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

बरही : भामाशाह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संघ शताब्दी वर्ष के अंतर्गत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में उत्तर-पूर्व क्षेत्र के सेवा प्रमुख त्रिवेणी साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ बरही आरएसएस शाखा के मुख्य शिक्षक कुंदन कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं संघ गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि त्रिवेणी साहू ने अपने संबोधन में संघ के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, संघ की स्थापना तथा विभिन्न आंदोलनों और सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए युवाओं को राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि संघ ने समय-समय पर देश के सामने आए संकटों में अपनी भूमिका निभाई है। युवाओं को देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा ‘हो जाओ होशियार साथियों’ जैसे देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। युवा संवाद में 18 वर्ष से 35 वर्ष आयु वर्ग के कुल 56 बंधुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य शिक्षक कुंदन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

रिपोर्टर : राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.