डीसी ने किया छात्रावासों का निरीक्षण,नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश

हजारीबाग : केबी महिला कॉलेज परिसर में संचालित एससी-एसटी महिला छात्रावासों का सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती ने निरीक्षण किया। उन्होंने पांचों छात्रावास भवनों का जायजा लेने के साथ वहां रह रही करीब 65 छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने किचन की खराब स्थिति, छत पर जलजमाव से पानी रिसने, अतिरिक्त चापानल, बर्तन, बाउंड्री वॉल, सोलर लाइट की मरम्मत, शौचालय के गेट और पंखे समेत अन्य सुविधाओं की मांग रखी। उपायुक्त ने छात्रावास की छत पर जाकर जलजमाव और पानी रिसाव की स्थिति का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं की मांगों पर सहमति जताते हुए सभी जरूरी कार्यों की स्वीकृति और शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि छात्राओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधायुक्त आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। छात्रावासों की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के साथ आवश्यक मरम्मत व निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवनों की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध स्थान को देखते हुए उपायुक्त ने कॉलेज परिसर में उपयुक्त स्थल पर नया छात्रावास भवन बनाने पर भी सहमति जताई। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को स्थल व तकनीकी पहलुओं का आकलन कर आवश्यक योजना एवं प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.