फर्जी नंबर प्लेट लगाकर जा रहा चोरी का हाईवा अमास टोल प्लाजा से बरामद, एक गिरफ्तार
हजारीबाग : पदमा ओपी पुलिस ने हाईवा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी गए हाईवा को बिहार के गया जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले के प्राथमिकी अभियुक्त रंजित कुमार उर्फ रामजीत कुमार (27) को रफीगंज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। बरामद हाईवा पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस की सक्रियता और अंतरराज्यीय समन्वय के कारण चोरी का वाहन गया जिले के अमास टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया गया।जानकारी के अनुसार, बरही (पदमा ओपी) थाना कांड संख्या 116/2026, दिनांक 6 अप्रैल 2026, धारा 316(2), 318(4) एवं 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत हाईवा चोरी का मामला दर्ज था। 24 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि उक्त चोरी का हाईवा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चौपारण थाना क्षेत्र से गया, बिहार की ओर जा रहा है।सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम तत्काल जीटी रोड होते हुए चौपारण पहुंची, लेकिन तब तक हाईवा गया की ओर निकल चुका था। इसके बाद पुलिस ने गया जिले के अमास थाना पुलिस से संपर्क कर वाहन को रोकने में सहयोग मांगा।
अमास थाना पुलिस ने अमास टोल प्लाजा के पास तत्काल चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेकिंग देख चालक ने टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले ही हाईवा खड़ा कर दिया और मौके से भाग निकला। बाद में पदमा ओपी की टीम भी अमास टोल प्लाजा पहुंची और हाईवा की जांच की।
जांच के दौरान हाईवा का चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया, जबकि इंजन नंबर चोरी गए हाईवा से मेल खा गया। वाहन पर JH10CJ-5636 नंबर की प्लेट लगी थी। पुलिस की जांच में पता चला कि यह हाईवा का नंबर नहीं, बल्कि एक कार का रजिस्ट्रेशन नंबर है। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए रफीगंज थाना पुलिस से संपर्क किया। रफीगंज पुलिस के सहयोग से ग्राम बलिगांव निवासी रंजित कुमार उर्फ रामजीत कुमार, पिता बैजनाथ प्रसाद/बैजनाथ प्रसाद महतो को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रफीगंज थाना में वर्ष 2019 और 2020 में बिहार उत्पाद अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सासाराम मुफ्फसिल थाना में वर्ष 2022 में धारा 392/411 भादवि के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।पुलिस ने चोरी का हाईवा, जिसका वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH16F-7071 है, बरामद किया है। वाहन पर कुटरचित नंबर JH10CJ-5636 लगाया गया था। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
छापामारी दल में पदमा ओपी प्रभारी पुअनि श्रवण कुमार, पुअनि राजेश कुमार हाजरा, पुअनि संदीप कुमार, पुअनि आलोक कुमार सोरेन तथा पदमा ओपी रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि चोरी के वाहनों को फर्जी नंबर प्लेट के सहारे दूसरे राज्य में ले जाने की कोशिश को अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय से नाकाम किया जा सकता है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.