डीएवी पब्लिक स्कूल बरही में 11 कुंडीय हवन कार्यक्रम आयोजित
हज़ारीबाग - बरही डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में विद्यालय परिसर के पावन एवं आध्यात्मिक वातावरण में 11 कुंडीय हवन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम डीएवी सीएमसी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं, संस्कारों तथा सकारात्मक जीवन-मूल्यों से जोड़ना था। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ की पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर किया गया। आचार्यों के मार्गदर्शन में 11 हवन कुंडों में विधिवत यज्ञ संपन्न कराया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने श्रद्धापूर्वक हवन में आहुतियां अर्पित कीं। वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को हवन एवं यज्ञ के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय तथा आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति में यज्ञ की परंपरा, अनुशासन, शुद्ध विचार, प्रकृति संरक्षण तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को हमारी समृद्ध वैदिक परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में सत्य, अनुशासन, सेवा, सदाचार एवं सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। 11 कुंडीय हवन कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया तथा विद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।
रिपोर्टर - अमित सिंह
No Previous Comments found.