चपरी के दुर्गम वन क्षेत्र में CISF की बड़ी कार्रवाई, 113.32 टन अवैध कोयला जब्त
50 किलोमीटर दूर सुदूर इलाके में चलाया विशेष अभियान, पांच हाईवा से कोयला पहुंचाया गया एनटीपीसी कांटा घर
हजारीबाग- अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम चपरी स्थित एक अवैध कोयला भंडारण स्थल से 113.32 टन अवैध कोयला जब्त किया।
यह विशेष अभियान 27 अगस्त 2026 को अपराह्न करीब दो बजे से रात 10:30 बजे तक चलाया गया। कार्रवाई वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान उप कमांडेंट सुरेश कुमार एवं सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा भी मौजूद रहे।
सीआईएसएफ को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ग्राम चपरी के सुदूर एवं दुर्गम वन क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने इकाई से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान संदिग्ध स्थलों की सघन तलाशी और जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित कोयला बरामद किया गया। अभियान की गंभीरता को देखते हुए पर्याप्त संख्या में बल सदस्यों को तैनात कर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया।
बरामद कोयले को पांच हाईवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी के कांटा घर तक पहुंचाया गया, जहां उसका विधिवत वजन कराया गया। वजन के दौरान कुल 113.32 टन कोयला पाया गया। जब्त कोयले को बाद में स्टॉकर-रीक्लेमर क्षेत्र में सुरक्षित रूप से डंप कर संरक्षित कर दिया गया।
सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन, भंडारण एवं तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विशेष रूप से सुदूर एवं वन क्षेत्रों में संचालित अवैध गतिविधियों पर सुरक्षा बल की कड़ी नजर है।
सीआईएसएफ के अनुसार यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के तहत उपलब्ध वैधानिक अधिकारों के अनुसार की गई है। सुरक्षा बल ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति और कोयला संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर भविष्य में भी ऐसे सघन अभियान जारी रहेंगे।
इधर, स्थानीय जानकार सूत्रों के अनुसार सीआईएसएफ जोराकाठ क्षेत्र में शीघ्र चेक नाका स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य अवैध कोयला के साथ-साथ बालू के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में सीआईएसएफ की ओर से आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाने तथा सरकारी एवं राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
रिपोर्टर - मुकेश सिंह हजारीबाग
No Previous Comments found.