विष्णुगढ़ दौरे पर उपायुक्त हेमंत सती ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सौर ऊर्जा परियोजनाओं की परखी जमीनी हकीकत
हजारीबाग- उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को विष्णुगढ़ प्रखंड का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलवार खुर्द, आयुष्मान आरोग्य मंदिर महेश्वरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ तथा डीवीसी कोनार परियोजना का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिलवार खुर्द पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य से विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों की संख्या एवं उनकी नियमित उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि विद्यालय में वर्तमान में छह शिक्षक कार्यरत हैं। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से भी सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की छत से पानी रिसने की समस्या सामने आने पर उपायुक्त ने डीएमएफटी मद से भवन की आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। विद्यालय की प्राचार्य ने शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण की आवश्यकता से उपायुक्त को अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए विद्यार्थियों के बीच किताब एवं बैग वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली।इसके बाद उपायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर महेश्वरा का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रसव कक्ष, उपलब्ध दवाइयों एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विष्णुगढ़ के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने इलाज कराने पहुंचे मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने ओपीडी में मरीजों का रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया। इस दौरान आयुष्मान कार्ड व्यवस्था, डेंटल क्लिनिक, एक्स-रे कक्ष, एचआईवी कक्ष, लैब जांच घर, सेल्फ केयर किट, प्रसव कक्ष, महिला वार्ड एवं कोल्ड चेन रूम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया गया।उपायुक्त ने दवाइयों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
दौरे के क्रम में उपायुक्त ने डीवीसी कोनार परियोजना का भी निरीक्षण किया। यहां लगभग 33 एकड़ क्षेत्र में 8 मेगावाट विद्युत उत्पादन के लिए लगाए जा रहे सोलर पैनल कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य विष्णुगढ़ प्रखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना से जुड़ी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक एवं विकासात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।
मुकेश सिंह हजारीबाग
No Previous Comments found.