खेलेगा भारत, जीतेगा भारत : पुलिस की क्रिकेट पिच पर दिखा जोश
हजारीबाग : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर खेलेगा भारत, जीतेगा भारत अभियान के तहत रविवार को न्यू संत कोलंबस कॉलेज ग्राउंड में हजारीबाग पुलिस के वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस मुकाबले में अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की कप्तानी में दो टीमों ने हिस्सा लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसडीपीओ बड़कागांव की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 147 रन बनाए। टीम की ओर से इकरामुल ने महज 13 गेंदों में 35 रन की आक्रामक पारी खेली। पवन सिंह ने 12 गेंदों में 24 रन, जबकि संजीव ने 22 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में जीतेंद्र विश्वकर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एएसपी हजारीबाग की टीम निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 114 रन ही बना सकी। आशुतोष ने सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि जीतू ने 23 रन और कप्तान अमित कुमार ने नाबाद 11 रन का योगदान दिया। एसडीपीओ बड़कागांव की ओर से पवन सिंह, राजीव और अरुण ने दो-दो विकेट हासिल किए।इस तरह एसडीपीओ बड़कागांव की टीम ने 33 रन के बड़े अंतर से मुकाबला जीतकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ मौजूद रही और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के सफल संचालन में हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन का योगदान सराहनीय रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले ने पुलिसकर्मियों में खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.