बरही में बारिश बनी बदहाल नाली व्यवस्था का आईना, सड़क पर उतरा नालियों का गंदा पानी

बरही :  दो दिनों की बारिश ने बरही की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। बारिश का पानी निकलने के बजाय नालियों में जमा कचरा और गंदगी सड़क पर बहने लगी। बरही चौक-चौराहों से लेकर सर्विस रोड तक जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से राहगीरों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी।

बरही पूर्वी पंचायत के गया रोड में कई जगह नालियों का कचरा पानी के साथ सड़क पर आ गया। वहीं छोटा शिवालय परिसर के समीप नाली का पानी बहने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

सबसे अधिक परेशानी हजारीबाग रोड की सर्विस रोड पर देखने को मिली, जहां नाली का पानी उफनकर सड़क पर बहता रहा। वाहनों के गुजरने पर गंदे पानी के छींटे राहगीरों और दुकानों तक पहुंचते रहे। सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से भी बचते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है।

फोरलेन बना, लेकिन नालियों की सुध लेने वाला कौन?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क के साथ नालियों का निर्माण तो कराया गया, लेकिन बाद में उनकी नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दिया गया। वर्षों से जमा कचरे ने नालियों की जल निकासी क्षमता को प्रभावित कर दिया है। नतीजा यह है कि बारिश होते ही नाली का पानी सड़क पर बहने लगता है।

पंचायत की मुखिया छोटन ठाकुर ने कहा कि फोरलेन सड़क के साथ बनी नाली का कार्य सड़क निर्माण कंपनी और एनएचएआई से संबंधित है।

अब स्थानीय लोगों ने संबंधित एजेंसी से नालियों की तत्काल सफाई, स्लैब खोलने की समुचित व्यवस्था और सर्विस रोड के जलजमाव का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में समस्या सामने आने के बावजूद यदि नालियों की सफाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

रिपोर्टर :  राहुल राणा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.