ड्राइवर भारतीय अर्थव्यवस्था की नींव, सम्मान के हैं योग्य : मुकुंद साव
चौपारण (हजारीबाग) : देशभर के वाहन चालकों और ट्रक ड्राइवरों की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं सेवा भावना को सम्मान देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 1 सितंबर को राष्ट्रीय चालक दिवस (ड्राइवर्स डे) मनाया जाता है। इस अवसर पर बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी मुकुंद साव ने देश के सभी चालक साथियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मुकुंद साव ने कहा कि वाहन चालक दिन-रात मेहनत कर आवश्यक वस्तुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ड्राइवर भारतीय अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था की मजबूत नींव हैं तथा वे सम्मान के योग्य हैं।
उन्होंने कहा कि चालक समुदाय देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ड्राइवरों की मेहनत और सेवा के कारण देश में सामानों की आपूर्ति और आवागमन की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहती है।
मुकुंद साव ने कहा कि इस अवसर पर ड्राइवर संगठनों द्वारा चालकों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राहत कोष और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं से जुड़ी मांगें भी उठाई जाती हैं। साथ ही वाहन चालकों एवं आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है।
बरही विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि, भाजपा नेता, समाजसेवी एवं झापा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि के रूप में सामाजिक कार्यों में सक्रिय मुकुंद साव ने कहा कि वे सभी ड्राइवर साथियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और अदम्य सेवा भावना को सलाम करते हैं तथा उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित भविष्य की कामना करते हैं।
उन्होंने 1 सितंबर राष्ट्रीय चालक दिवस के अवसर पर भारत के सभी चालक साथियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि चालक समाज का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.