बराकर डैम में मछली पकड़ने के दौरान मछुआरे की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
बरही (हजारीबाग) : बरही थाना क्षेत्र स्थित बराकर डैम के जवाहर घाट में मछली पकड़ने के दौरान एक मछुआरे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गया रोड, बरही निवासी बीरेंद्र कुमार मछली पकड़ने के लिए बराकर डैम के जवाहर घाट गए थे। इसी दौरान वह किसी कारणवश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी हुई, तब तक वह पानी में लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ डैम के किनारे जुट गई। सूचना बरही थाना पुलिस को भी दी गई। इसके बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से डैम में तलाश अभियान चलाया गया।
बराकर डैम का पानी कई स्थानों पर काफी गहरा होने के कारण यहां मछली पकड़ने और अन्य गतिविधियों के दौरान विशेष सावधानी की आवश्यकता रहती है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। मृतक के परिवार पर अचानक आए इस दुखद हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.