NH-19 निर्माण की कछुआ चाल पर कांग्रेस जिला महासचिव विकास गुप्ता का हमला, NHAI और केंद्र सरकार को घेरा
चौपारण (हजारीबाग) : जीटी रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरही से सिंगरावा होते हुए चौपारण तक जारी सिक्स-लेन सड़क, अंडरपास और फ्लाईओवर निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर कांग्रेस जिला महासचिव विकास कुमार गुप्ता ने केंद्र सरकार और एनएचएआई (NHAI) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और अधूरी व्यवस्थाओं के कारण आम लोगों को रोजाना जाम, धूल, गड्ढों और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
विकास गुप्ता ने कहा कि बरही से सिंगरावा और चौपारण के बीच कई स्थानों पर अंडरपास एवं सर्विस रोड का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। बरसात के दौरान वैकल्पिक सर्विस रोड की स्थिति और खराब हो गई है। कई जगह सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहनों के फंसने और घंटों जाम लगने की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जब सड़कें सूखती हैं तो निर्माण क्षेत्रों में धूल का गुबार उड़ने लगता है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने निर्माण एजेंसी से नियमित पानी का छिड़काव कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की।
चौपारण फ्लाईओवर निर्माण की धीमी गति पर भी सवाल
कांग्रेस जिला महासचिव ने चौपारण मुख्य बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के काम की गति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में देरी के कारण बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन लंबा जाम लग रहा है और स्थानीय व्यवसायियों तथा आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थाओं पर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों पर केवल दावों तक सीमित रहने का आरोप
विकास गुप्ता ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सांसद और विधायक स्तर पर निर्माण कार्य में तेजी लाने के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन जनता को धरातल पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि केवल बैठकों और मुलाकातों के दावों से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि निर्माण कार्य की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करनी होगी।
दनुआ घाटी की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता
उन्होंने दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। विकास गुप्ता ने मांग की कि खतरनाक मोड़ों और निर्माण प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त साइनेज, डायवर्जन बोर्ड, चेतावनी संकेत और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
दोषी एजेंसी पर कार्रवाई और युद्धस्तर पर काम की मांग
विकास गुप्ता ने एनएचएआई और संबंधित प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही बरही-सिंगरावा-चौपारण मार्ग पर फ्लाईओवर, अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जर्जर सर्विस रोड के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए तथा दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इन जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय जनता एकजुट होकर आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.