बरही-चौपारण मार्ग पर 24 घंटे में मरम्मत पूरी करने का निर्देश, लापरवाही पर एफआईआर की चेतावनी
हजारीबाग : बरही चौपारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लग रहे लंबे जाम और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर उपायुक्त हेमंत सती ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को समाहरणालय में आरसीडी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों और सड़क निर्माण कार्य में लगे संवेदकों के साथ बैठक कर उन्होंने सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने बरही-चौपारण मार्ग पर मरम्मत कार्य में धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदक को फटकार लगाई और 24 घंटे के अंदर आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही के कारण आम लोगों को परेशानी हुई तो संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है।उपायुक्त ने कहा कि बरही-चौपारण मार्ग पर किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क की निगरानी रखने और आवागमन सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। एनएच की ओर से महुदी मोड़ से बिलौतीयां मोड़ तक सड़क के कालीकरण का कार्य भी किया जाना है। उपायुक्त ने इस कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में हजारीबाग शहरी क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अविलंब मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। सिंघानी मोड़ से रेलवे पुल, कूद तक एनएच-100 के सड़क निर्माण के लिए उसी दिन निविदा प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। वहीं आरसीडी को आनंदा चौक, बस स्टैंड, मिशन अस्पताल रोड समेत अन्य प्रमुख सड़कों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
पाइपलाइन बिछाने के दौरान एलएंडटी द्वारा क्षतिग्रस्त की गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर भी उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता को डैमेज ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट के तहत संबंधित संवेदकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत में समयबद्धता, गुणवत्ता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.