SIR-2026: प्रमंडलीय आयुक्त ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर दावा आपत्तियों की सुनवाई का लिया जायजा
हजारीबाग : मतदाता सूची प्रेक्षक सह उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने गुरुवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों में संचालित शिविरों का निरीक्षण कर SIR-2026 के तहत चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम कार्यालय तथा कटकमदाग प्रखंड के मसरातु पंचायत स्थित मतदान केंद्र में लगे शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से दावा एवं आपत्तियों की सुनवाई, फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों, अनमैप्ड मतदाताओं को जारी नोटिस सहित अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने और पूरी पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।आयुक्त ने दावा एवं आपत्तियों की सुनवाई के लिए पहुंचे आमजनों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आमजनों की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित 12 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक मान्य दस्तावेज के आधार पर पात्र नागरिक अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR-2026 के तहत दावा एवं आपत्तियों से जुड़े मामलों की सुनवाई निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम तरीके से की जाए। साथ ही सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान उपनिर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
No Previous Comments found.