दैहर पंचायत में शिक्षक दिवस पर सम्मान समारोह, 30 से अधिक शिक्षकों को किया गया सम्मानित

चौपारण :  दैहर पंचायत सचिवालय के सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर पंचायत में कार्यरत शिक्षकों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पंचायत के मुखिया ब्रह्मदेव भुइयां के द्वारा किया गया। समारोह में पंचायत क्षेत्र के 30 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर मुखिया एवं उपस्थित गणमान्य लोगों द्वारा सभी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान के रूप में प्रत्येक शिक्षक को भगवद्गीता की पुस्तक भेंट की गई। शिक्षकों के सम्मान से समारोह में भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नागेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गुरु-शिष्य के रिश्ते को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार और संस्कारी भारतीय नागरिक बनाने का भी कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक ही देश के भविष्य निर्माता हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण से लेकर उनके अंदर संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षकों के अथक प्रयासों से ही देश दिन-प्रतिदिन प्रगति की ओर बढ़ रहा है।

समारोह में शिक्षकों के अलावा कोठारी सिंह, नरेश सिंह, विक्रम कुमार, शंभु दांगी, प्रवीण दांगी, प्रवीण प्रजापति, शिवपूजन दांगी, रणजीत प्रजापति, केदार नाथ महतो, भोला ठाकुर, संजय सिंह, विकास कुशवाहा, रूपेश यादव, राहुल यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.