छात्राओं को महिला उत्पीड़न, नशा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
चौपारण (हजारीबाग) : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मानगढ़ में शनिवार को छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने छात्राओं को महिला उत्पीड़न, नशे के दुष्प्रभाव, डायन कुप्रथा, साइबर अपराध एवं आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने छात्राओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या घरेलू हिंसा का सामना होने पर चुप नहीं रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए उचित माध्यम से शिकायत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को सूचना देनी चाहिए।
उन्होंने डायन कुप्रथा को समाज के लिए गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि अंधविश्वास के कारण महिलाओं के साथ होने वाली प्रताड़ना को रोकने के लिए जागरूकता जरूरी है। छात्राओं से ऐसी कुरीतियों के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
नशे से दूर रहने की अपील
नशे के दुष्प्रभावों पर थाना प्रभारी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज पर इसका बुरा असर पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर थाना प्रभारी ने छात्राओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। OTP, ATM PIN, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया और मोबाइल का इस्तेमाल करते समय भी सतर्क रहने की बात कही गई।
उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा एवं अन्य विषयों से जुड़े कई सवाल थाना प्रभारी के समक्ष रखे, जिनका उन्होंने सरल भाषा में जवाब दिया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को जागरूकता कार्यक्रम में मिली जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.