शिक्षक दिवस पर ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में गूंजा गुरु सम्मान का संदेश
चौपारण : रानीक मोड़ स्थित ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर भावपूर्ण स्वागत के साथ की गई। इसके बाद विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य नन्दकिशोर कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात विद्यालय के सभी शिक्षकों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य नन्दकिशोर कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल पाठ्य-पुस्तकों का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार, समर्पण और आदर्श आचरण से विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा देता है।
उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्श जीवन को याद करते हुए विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग एवं संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
वहीं विद्यालय के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने शिक्षक दिवस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में इस प्रकार का आयोजन करना बेहद सराहनीय और भावपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें विभिन्न प्रकार के सुंदर उपहार भेंट किए। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और भावनाओं का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
कार्यक्रम में शुभम कुमार, अजीत कुमार, अंकित कुमार, सौरभ कुमार, विवेकानन्द कुमार, संगीत कुमार, मेहविश अशरफ, मानसी मोदी, मीणा हेम्ब्रम, रिंकी कुमारी, अंजली कुमारी, लेखपाल आशीष कुमार, एडमिन हेड प्रमोद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करते हैं।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.