ई-बीट पुलिसिंग से चौपारण में बढ़ेगी सुरक्षा, संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए QR कोड
चौपारण : अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चौपारण पुलिस द्वारा ई-बीट पुलिसिंग सिस्टम को सक्रिय किया गया है। इसके तहत रक्षक ऐप के माध्यम से थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी के लिए क्यूआर कोड लगाए गए हैं।
चौपारण पुलिस के अनुसार दनुआ घाटी, मधगोपाली, महाराजगंज बैंक, एसबीआई, होटल चेतना, बैंक ऑफ इंडिया ब्लॉक मोड़ तथा एटीएम सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित कर वहां क्यूआर कोड स्थापित किए गए हैं। इन क्यूआर कोड के माध्यम से पुलिस कर्मियों द्वारा संबंधित स्थानों की नियमित निगरानी एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जा रही है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ई-बीट पुलिसिंग के माध्यम से संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
पुलिस की ओर से बताया गया कि थाना क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों को भी चिह्नित किया जा रहा है, जहां जल्द ही क्यूआर कोड लगाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस पहल से बैंक, एटीएम, होटल एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
चौपारण पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में पुलिस की निगरानी व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण एवं आम लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.