भाजपा विष्णुगढ़ पश्चिम मंडल की मासिक बैठक आयोजित

विष्णुगढ़  :  विष्णुगढ़ पश्चिम मंडल भाजपा की मासिक बैठक शनिवार को गोविंदपुर में मंडल कार्यकर्ता वकील सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रवि कुमार पांडेय ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री राजेश सोनी ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल प्रभारी भुवनेश्वर पटेल उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंडल प्रभारी भुवनेश्वर पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अब मंडल की मासिक बैठक प्रत्येक माह अलग-अलग शक्ति केंद्रों में आयोजित की जाएगी, ताकि सभी क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में एसआईआर के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया गया।
इसके अलावा संत रविदास जी की प्रस्तावित कलश यात्रा एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण से जुड़े सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करने को कहा गया।
मंडल प्रभारी ने सभी कार्यकर्ताओं को बूथ कमेटियों का गठन शीघ्र पूरा कर उसकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
मौके पर मंडल महामंत्री गौतम भारती, मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार मिश्रा, सोशल मीडिया प्रभारी जीवन सोनी, शंकर सिंह, वकील सिंह, रवि कुमार, तिलेश्वर साहू सहित गोविंदपुर क्षेत्र के विभिन्न बूथ अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

रिपोर्टर : संदीप मिश्रा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.