गिरिडीह पहुंच दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए

चौपारण - हजारीबाग झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद बरही के वर्तमान भाजपा विधायक मनोज कुमार यादव गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि सुदिव्य कुमार का असमय निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार एक जुझारू, युवा एवं जनप्रिय नेता थे,जिन्होंने कम समय में अपनी कार्यशैली और जनसेवा के माध्यम से अलग पहचान बनाई थी।

उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री सरल, सहज, मिलनसार एवं संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। वे हमेशा आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते और उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहते थे। उनका जनहित के प्रति समर्पण और लोगों के साथ आत्मीय व्यवहार हमेशा याद किया जाएगा।

विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि सुदिव्य कुमार का निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उनके असमय चले जाने से राज्य की राजनीति में एक ऐसी शून्यता उत्पन्न हुई है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में सुदिव्य कुमार ने समाज और राज्य के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से सभी को गहरा आघात पहुंचा है।

विधायक मनोज कुमार यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं और दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

रिपोर्टर - अमित कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.