जर्जर भवन की जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग, सोमवार को निरीक्षण करेंगे चिकित्सा प्रभारी

चौपारण - प्रखंड के रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र में क्लस्टर मीटिंग के दौरान अचानक छत का सीमेंट भरभराकर नीचे गिर गया। घटना के समय स्वास्थ्य सहिया सहित कई स्वास्थ्यकर्मी केंद्र में मौजूद थे। गनीमत रही कि सीमेंट गिरने की चपेट में कोई नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र का भवन काफी जर्जर हो चुका है। भवन की छत की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। केंद्र के ओपीडी कक्ष और प्रसव कक्ष में प्रतिदिन मरीजों के साथ गर्भवती महिलाओं और बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में जर्जर भवन कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

घटना के बाद उपस्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने भवन की तत्काल जांच कराने और आवश्यक मरम्मत अथवा वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस संबंध में चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनीकांत कुमार ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व ही प्रभार संभाला है। अभी रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र का वित्तीय प्रभार उन्होंने नहीं लिया है और वे स्वयं भी केंद्र का निरीक्षण नहीं कर पाए हैं। उन्होंने बताया कि रामपुर उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन के जर्जर होने की सूचना उन्हें मिली है और मामला उनके संज्ञान में है। सोमवार को वे स्वयं उपस्वास्थ्य केंद्र रामपुर का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद भवन की वास्तविक स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

डॉ. कुमार ने बताया कि आगामी 9 सितंबर को उपायुक्त के साथ बैठक निर्धारित है। बैठक के दौरान रामपुर में नए सामुदायिक भवन की आवश्यकता को लेकर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों की आवाजाही होती है। ऐसे में भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.