जंगल में बैठकर बड़ी आपराधिक घटना की बना रहे थे योजना, दो अपराधी भागने में सफल...

हजारीबाग : बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गैंग के एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान KSS लिखा दो पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तलसवार निवासी करीब 25 वर्षीय संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा, पिता स्व. निरंजन महतो के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ अपराधी बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलांग बाकपंजा जंगल में एकत्र होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने जंगल में पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने सड़क किनारे टूटे मिट्टी के घर के पीछे तीन युवकों को छिपकर बैठे देखा। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक संदीप मेहता को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया है कि दोनों फरार युवकों को प्रिंस खान ने हथियार और गोली के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से उसके पास भेजा था। तीनों हथियार, गोली और पर्चे के साथ आपराधिक घटना की योजना बना रहे थे। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान संदीप ने 25 जुलाई 2026 को 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड, बुढ़ना घाटी में हाईवा वाहन पर गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि प्रिंस खान के निर्देश पर पिपराडीह के अंकित कुमार पाण्डेय के कहने पर उसने कुणाल कुमार पाण्डेय के साथ मिलकर पिस्टल से हाईवा पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अंकित कुमार पाण्डेय और कौशल पाण्डेय उर्फ ओमप्रकाश पाण्डेय के भी शामिल होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, प्रिंस खान KSS लिखा दो पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

रिपोर्टर - मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.