रिटायर शिक्षक पर गोली चलाने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार
हजारीबाग : पदमा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय कुमार महथा पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान पदमा ओपी क्षेत्र के सूरजपुरा गली नंबर-1 निवासी कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड इटालियन पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां, दो मिस फायर गोली, दो खोखे, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, छह सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे रामजय कुमार महथा शेविंग कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया।घटना के बाद बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी कृष्णा महतो को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ उसका पूर्व से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बदला लेने की नीयत से उसने शिक्षक पर गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पदमा, सरायकेला-खरसावां समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।छापेमारी टीम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, एसआई आलोक कुमार सोरेन, एसआई संदीप कुमार सहित पदमा ओपी के सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा व संगठित अपराध शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.