सरकार सो रही है, मौत का रास्ता खुद बना रहे हैं युवा

चौपारण (हजारीबाग) : इसे विडंबना कहें या व्यवस्था की विफलता—हजारीबाग जिले के चौपारण और इटखोरी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग दादपुर के पास बदहाल होकर दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, जगह-जगह जलजमाव और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति से परेशान होकर अब दादपुर के स्थानीय युवाओं ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीण युवाओं ने आपसी सहयोग और आने-जाने वाले वाहन चालकों से चंदा जुटाकर सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू किया है। युवा ट्रैक्टर से बालू और गिट्टी लाकर अपने हाथों से सड़क की अस्थायी मरम्मत कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। चौपारण से इटखोरी आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने बरही विधायक मनोज कुमार यादव, दादपुर पंचायत के जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभाग से इस समस्या के समाधान की मांग की है।

स्थानीय युवाओं की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण और रखरखाव सरकार एवं संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है और युवाओं को चंदा जुटाकर सड़क मरम्मत करने के लिए मजबूर होना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त हजारीबाग और संबंधित पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि दादपुर स्थित इस जर्जर सड़क का अविलंब स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्टर : अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.