चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध युवकों को दबोचा
चौपारण, हजारीबाग : प्रखंड के सेलहारा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए चोरी के संदेह में तीन युवकों को पकड़कर चौपारण पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवकों में छोटका सेलहारा के दो तथा बरसोत कोरियाडीह के एक युवक के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस तीनों को थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सेलहारा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी थी। इसे देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और इसकी सूचना चौपारण पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। ग्रामीणों के अनुसार, युवकों के पास से चोरी का कुछ सामान मिलने की भी सूचना है। हालांकि, बरामद सामान चोरी का है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस के पास बाइक चोरी से संबंधित मामला आया है। मामले की जांच की जा रही है और पकड़े गए युवकों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों का क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।
इधर, ग्रामीणों का कहना है कि लगातार चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
तीन युवकों के पकड़े जाने के बाद पुलिस की पूछताछ से बाइक चोरी समेत अन्य घटनाओं के संबंध में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही पकड़े गए युवकों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.