कितनी और जान लेगा एनएचएआई? कंटेनर ने पीछे से रौंदा, तीन मासूमों से छिना पिता
चौपारण, हजारीबाग : सोमवार को विश्वामित्र नगरी महुदी बारा गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। करीब 35 वर्षीय रंजन सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे में रंजन के करीब 70 वर्षीय पिता के भी घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, रंजन सिंह अपने पिता के साथ पैदल घर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक कंटेनर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रंजन की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर रंजन के तीन मासूम बच्चों की है। वह अपने पीछे दो बेटियां और महज छह वर्षीय एक बेटा छोड़ गए हैं। दोनों बेटियां डीएवी स्कूल में पढ़ती हैं।
जिस उम्र में बेटियां पिता का हाथ पकड़कर स्कूल जाती हैं और छह साल का मासूम पिता की उंगली थामकर दुनिया को समझना सीखता है, उस उम्र में तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
सवाल यह है कि आखिर इन मासूमों का क्या कसूर था? एक सड़क हादसे ने उनसे उनके पिता को छीन लिया। परिवार के लिए यह ऐसा जख्म है, जिसे शायद समय भी पूरी तरह नहीं भर पाएगा।
हादसों पर कब लगेगा अंकुश?
चौपारण क्षेत्र में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर लोगों की जान जा रही है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कब होंगे? जिम्मेदार एजेंसियां कब जागेंगी? और कितनी जिंदगियां जाने के बाद व्यवस्था गंभीर होगी?
रंजन सिंह अब वापस नहीं लौट सकते। उनके बच्चों को उनका पिता वापस नहीं मिल सकता। लेकिन यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के उपाय मजबूत किए जाएं, वाहनों की गति पर नियंत्रण हो और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी इंतजाम किए जाएं, तो शायद अगला परिवार उजड़ने से बचाया जा सकता है।
आज महुदी बारा गांव रो रहा है, लेकिन सवाल पूरे चौपारण से है—कल किस गांव की बारी होगी?
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.