अवैध संबंध के आरोप में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग : कटकसांडी थाना क्षेत्र के तोरार गांव में अवैध संबंध के आरोप में जगेश्वर भुइयां की हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपियों मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार किया है। दोनों डिबल बांध गांव के रहने वाले हैं।जानकारी के अनुसार छह सितंबर की रात तोरार गांव निवासी जगेश्वर भुइयां की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी फुलमती देवी के आवेदन पर कटकसांडी थाना में कांड संख्या 140/26, दिनांक 07 सितंबर 2026 को धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगरा कच्छप उर्फ गुमन कच्छप और रतन कुजूर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक का गांव की ही एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध को लेकर विवाद था। इसी विवाद में हत्या की घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।

कटकसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी डंडा और मंगरा कच्छप का रियलमी कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.