अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 55 बोतल शराब के साथ दुकानदार गिरफ्तार
हजारीबाग : पेलावल ओपी पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 55 पीस विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक दुकानदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को की गई।पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि पबरा गांव में एक दुकान से बिना लाइसेंस के अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने पबरा गांव निवासी नरेश राम, पिता चरण राम की दुकान में छापेमारी की।पुलिस को देखते ही नरेश राम भागने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दुकान की तलाशी लेने पर बिना किसी वैध अनुज्ञप्ति और कागजात के रखी विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। बरामद शराब में 31 पीस विदेशी शराब और 24 पीस बीयर शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान नरेश राम शराब से संबंधित कोई स्पष्ट और वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन महथा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार राय, राजदीप कुमार समेत पेलावल ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप है।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.