चौपारण में बिजली व्यवस्था चरमराई, बार-बार गुल हो रही 33 केवी आपूर्ति से लोग परेशान

चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड में बिजली व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। लगातार बरही 33 केवी लाइन से बिजली बंद होने की सूचना मिलने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से जहां आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं व्यवसाय और जरूरी कामकाज भी बाधित हो रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही कटौती के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली बंद होने और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली कटौती का सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसायों और घरेलू कार्यों पर पड़ रहा है। उमस और गर्मी के बीच लगातार बिजली गुल रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।लोगों ने कहा कि चौपारण जैसे बड़े प्रखंड में नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी है। इसके बावजूद लगातार विद्युत व्यवधान बना रहना चिंता का विषय है। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से समस्या की जांच कर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

आमजनों ने जनप्रतिनिधियों से भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं।

रिपोर्टर : अमित सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.