चौपारण पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी के सामान के साथ तीन गिरफ्तार, बाइक समेत मोबाइल दुकान का माल बरामद
चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान, एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल सहित बड़ी संख्या में मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेलहारा में कुछ संदिग्ध लोगों के देखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा को भी हिरासत में लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने 3 सितंबर को सेलहारा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी करने के अलावा मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू यादव (19 वर्ष), पिता प्रकाश यादव, निवासी सेलहारा खुर्द; पिंटू यादव (29 वर्ष), पिता काली यादव, निवासी सेलहारा खुर्द तथा मंटू कुशवाहा (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय शिव शंकर महतो, निवासी बरसोत, थाना बरही के रूप में हुई है।
दो आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिंटू यादव के खिलाफ चौपारण थाना में वर्ष 2023 में एक मामला दर्ज है। वहीं मंटू कुशवाहा के खिलाफ बरही थाना में वर्ष 2021 में मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
इस कार्रवाई में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुअनि दिव्य प्रकाश, पुअनि सुबिन्द्र राम, सअनि मो. कमरुद्दीन, सअनि बादल कुमार महतो सहित चौपारण थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। बरामद सामान और अन्य संभावित चोरी की घटनाओं के संबंध में पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.