कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने निकले राहुल दुबे गिरोह के दो सदस्य दबोचे गए
हजारीबाग : कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूलने की सूचना पर गिद्धी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लेवी की रकम वसूलने के बाद मोटरसाइकिल से रामगढ़ की ओर भाग रहे थे। टोंगी गिद्धी मेन रोड के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनके पास से 40 हजार रुपये नकद, दो वीवो एंड्रॉयड मोबाइल और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 10 सितंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिद्धी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से गिद्धी क्षेत्र में कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को जानकारी देकर छापामारी टीम गठित की गई।पुलिस के अनुसार, टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान जानकारी मिली कि लेवी की राशि वसूलने के बाद आरोपी बुंडू-बसरिया के रास्ते रामगढ़ की ओर निकल रहे हैं। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए टोंगी गिद्धी मेन रोड के पास मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि दोनों भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल के सहयोग से उन्हें मोटरसाइकिल समेत दबोच लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में रामगढ़ कैंट के सौदागर मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय मन्नु कुमार साव, पिता प्रमोद साव तथा रामगढ़ के कोरीटोला मुंडा टोली निवासी करीब 18 वर्षीय अविनाश कुमार, पिता राजेश साव शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 500 रुपये के 80 नोट यानी कुल 40 हजार रुपये, सफेद और नीले रंग के दो वीवो मोबाइल तथा पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH24M-6620 बरामद हुई है। मामले में गिद्धी थाना कांड संख्या 30/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 111(2)(बी), 111(3), 308(3) और 308(4) के तहत कार्रवाई की गई है।कार्रवाई में थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, पु.अ.नि. दामुराम बोयपाई, स.अ.नि. चंदन उरांव, स.अ.नि. सुनील कुमार समेत पुलिसकर्मी ओम प्रकाश कुमार महतो, राजेंद्र कुमार और चालक अनिल कुमार सिंह शामिल थे।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह
No Previous Comments found.