एंटी रेबीज सीरम की उपलब्धता को लेकर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने उठाई आवाज
चौपारण : जिले के सरकारी अस्पतालों में एंटी रेबीज सीरम (रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन) की नियमित उपलब्धता को लेकर हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि गंभीर डॉग बाइट के मामलों में समय पर सीरम उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रंजन चौधरी के अनुसार, शुक्रवार को चौपारण के परसोनी निवासी आरव कुमार को कुत्ते के काटने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण के चिकित्सक ने एंटी रेबीज सीरम लगाने की सलाह दी। स्थानीय स्तर पर निजी दुकानों में भी सीरम उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन मरीज को लेकर हजारीबाग पहुंचे। शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी सीरम उपलब्ध नहीं होने पर परिजनों को निजी दुकान से दवा खरीदकर लगवानी पड़ी।
रंजन चौधरी ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर इस मुद्दे को कई बार अस्पताल प्रबंधन के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने गुरुवार को हजारीबाग के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से भी बात कर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज सीरम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। सिविल सर्जन ने जल्द ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में सीरम उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
रंजन चौधरी ने जिला प्रशासन और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन से अस्पताल में एंटी रेबीज सीरम की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर डीएमएफटी मद से भी जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राशि का उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को निजी दुकानों से महंगी दवा खरीदने की मजबूरी न हो।
उन्होंने कहा कि रेबीज के मामलों में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में सरकारी अस्पतालों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.